लोनिवि के अधिकारियों से वार्ता के बाद 10 सितंबर से पैदल आवागमन खोलने का आश्वासन

नैनीताल l लोअर मालरोड के स्थाई उपचार कार्य में हो रही देरी को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों का प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कार्य में तेजी लाने और तय समय में सड़क खोलने की मांग की।
तीसरे दिन लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश पंत और अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने व्यापार मंडल अध्यक्ष से मुलाकात कर वार्ता की। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्य की प्रगति से अवगत कराया। अधीक्षण अभियंता विजय पंत ने बताया कि “वर्तमान में प्रतिदिन दो से तीन पाइलिंग का कार्य किया जा रहा है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि 10 सितंबर से लोअर मालरोड को पैदल आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद आवश्यक टेस्टिंग पूरी होने पर अक्टूबर से लोअर मालरोड पर यातायात भी सुचारू कर दिया जाएगा। व्यापार मंडल का कहना है कि लोअर मालरोड बंद होने से पर्यटन और स्थानीय कारोबार पर सीधा असर पड़ा है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की बात कही, लेकिन साथ ही तय समय सीमा में काम पूरा न होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी भी दी।लोअर मालरोड नैनीताल का मुख्य पर्यटन और व्यापारिक मार्ग है। मानसून में हुए भू-धंसाव के बाद से यहां स्थाई उपचार का कार्य चल रहा है, जिसमें देरी के कारण आमजन और व्यापारियों में नाराजगी है।










