कवयित्री रेखा त्रिवेदी’अंतर्राष्ट्रीय नारी रत्न सम्मान’ से सम्मानित

नैनीताल । साहित्य के क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उत्कृष्ट सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्व हिंदी रचनाकार मंच की ओर से हाल ही में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर नैनीताल की प्रतिष्ठित कवयित्री रेखा त्रिवेदी को उनके उल्लेखनीय रचनात्मक योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय नारी रत्न सम्मान से नवाजा गया।
यह सम्मान उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रकाशित होने वाले राष्ट्रीय काव्य संग्रह ‘भारत के महिला काव्य रत्न’ में उनके विशिष्ट संकलन और निरंतर साहित्य सेवा के लिए प्रदान किया गया है। समारोह के दौरान मंच के संस्थापक एवं अध्यक्ष राघवेंद्र ठाकुर ने उनके नाम की घोषणा करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि रेखा त्रिवेदी की रचनाएं समाज को नई दिशा देने और मानवीय संवेदनाओं को गहराई से उकेरने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
रेखा त्रिवेदी को पूर्व में भी उनकी साहित्य सेवा के लिए विश्व हिंदी रचनाकार मंच द्वारा ‘उत्तराखण्ड हिन्दी गौरव सम्मान’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इस नवीनतम उपलब्धि पर साहित्य जगत के दिग्गजों ने उन्हें बधाई दी है। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। उनकी यह सफलता नैनीताल के साहित्यिक गौरव को और बढ़ाती है।











