बार भवन के विकास के लिए विधायक सरिता आर्या ने विधायक निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा

नैनीताल। क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने सोमवार को जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के आग्रह पर बार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने और बार भवन के विकास कार्यों के लिए अपनी विधायक निधि से 2.50 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। बार भवन पहुंचने पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, सचिव संजय सुयाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने बार भवन की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए अधिवक्ताओं से भवन से जुड़ी समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। विधायक सरिता आर्या ने कहा कि न्याय व्यवस्था से जुड़े अधिवक्ताओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बार भवन के विकास और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने विधायक निधि से ढाई लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। विधायक की घोषणा का जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने स्वागत करते हुए इसे बार भवन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट और सचिव संजय सुयाल ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहयोग से बार भवन के निर्माण एवं विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।












