बच्चों को दिया हरियाली का संदेश
नैनीताल । ग्रासरूट अवेयरनेस एंड टेक्निकल इंस्टीट्यूट ऑफ सोसायटी(गति) के तत्वाधान में केहरी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में हरेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गति के अध्यक्ष आलम सिंह रावत ने विद्यार्थियों को हरेला पर्व के महत्व की जानकारी दी। उनके द्वारा बताया गया कि गति विगत कई वर्षों से वृक्षारोपण का कार्य विभिन्न स्थानों पर करती रही है। वृक्ष लगाने से हमारी धरती हरी भरी नहीं होती बल्कि उसकी ठीक से देख भाल करने व उनको पोषित करने से पौधे की प्रगति होती है। जब वो पौधा पुलकित व पल्लवित होकर एक वृक्ष का रूप लेता है तो वो हमें जीवन देता है।
उससे हमें वायु, जल और फल के साथ वृक्ष के बूढ़े होने पर इमारती लकड़ी और समय समय पर झडने वाली पत्तियों के सड़ने से खाद प्राप्त होती है। हम एक वृक्ष लगाते जरूर हैं पर उससे हुए प्राण वायु के साथ जीवन को जीने के लिए आवश्यक सभी तत्व मिलते हैं । इसी कड़ी में गति के सचिव नीरज उनियाल द्वारा बताया गया कि ईश्वर ने मनुष्य को धरती पर अच्छे अच्छे काम करने के लिए भेजा है। हम अपनी माता जैसी धरती पर जीवन लेकर बस इसका दोहन ही करते जा रहे हैं। हम धरती के हर तत्व पर अपना अधिकार समझ कर उसका अनुचित रूप में दोहन करना शुरू कर देते हैं। जिसके कारण धरती का तापमान सामान्य से अधिक होने लगा है। हमने जल, जंगल और ज़मीन को अपने हितों में इस्तेमाल करके उसका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना शुरू कर दिया है। जिससे पारिस्थिकी तंत्र तो बिगड़ ही रहा है साथ ही बहुत सी बीमारियों को भी हम आमंत्रित कर रहे हैं। हम पॉलीथिन और अन्य गंदे कूड़े को नदी, धरती व जंगल या खुले स्थानों पर फैंक कर सुन्दर धरती को गन्दा करने में लगे हुए हैं। विकास के नाम पर पर्यावरण की अनदेखी की जा रही है। जिसके कारण बहुत से स्थानों पर जंगल के जंगल काट कर साफ़ किए जा रहे हैं।
आज गति ने प्रतीकात्मक रूप से विद्यालय में एक पौधा रोपा कर हरेला पर्व बच्चों के साथ मनाया। साथ ही साथ विद्यार्थियों को चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण एवं हरेला का संदेश देने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार, देवेंदर सिंह,अनुज शर्मा,आशुतोष बोड़ाई, संगीता डबराल, राहुल मौर्य, लक्ष्मी ,पूजा शर्मा, कमलेश शर्मा, आदि उपस्थित रहे।









