19वें दिन भी लापता अर्णव का नहीं मिला सुराग, रातिघाट और कैंची की ओर बढ़ाई तलाश
नैनीताल। चीना पीक ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए छात्र अर्णव सिंह का 19वें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। लगातार खोज अभियान चलाने के बावजूद छात्र का पता नहीं चलने पर अब तलाश का दायरा बढ़ा दिया गया है। टीमें रातिघाट और कैंची धाम की ओर भी खोजबीन कर रही हैं।
बीते छह नवंबर को बिहार मूल का छात्र अर्णव सिंह चार दोस्तों के साथ चीना पीक ट्रेकिंग पर गया था। इस दौरान वह अचानक लापता हो गया। दोस्तों की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल और वन विभाग ने चीना पीक से पंगोट तक जंगल में व्यापक खोज अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
अब 19 दिन बीतने के बाद भी अर्णव का पता नहीं चलने पर खोज अभियान को आसपास के विस्तृत क्षेत्रों तक बढ़ाया गया है। पुलिस, वन विभाग, एसडीआरएफ के साथ स्थानीय लोग भी तलाश में जुटे हैं। रातिघाट और कैंची की ओर जंगलों व दुर्गम इलाकों में खोजबीन की जा रही है। ड्रोन से निगरानी के साथ संभावित क्षेत्रों में टीमें लगातार छानबीन कर रही हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों की उम्मीद अब भी अर्णव के सकुशल मिलने पर टिकी है। एसपी डॉ जगदीश चन्द्र ने बताया कि खोजबीन जारी है।













