देव दीपावली -कार्तिक पूर्णिमासंस्कृति अंक -आलेख-बृजमोहन जोशी नैनीताल।


दिनांक – २४-११-२०२६
कार्तिक मास की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। कार्तिक पूर्णिमा बड़ी पवित्र तिथि है।इस तिथि को ब्रह्मा,विष्णु और महेश, अंगिरा और आदित्य आदि ने महा पुनीत पर्व प्रमाणित किया है। अतः इसमें किये गये हुए दान, स्नान,होम,यज्ञ और उपासना आदि का अनन्त फल होता है। विशेष रूप से गंगा स्नान तथा सांयकाल दीपदान का बहुत अधिक महत्व है।
इस दिन यदि कृतिका नक्षत्र हो तो यह महा कार्तिकी होती है,भरणी हो तो विशेष फल देती है। और यदि रोहिणी हो तो इसका फल और भी बढ़ जाता है। जो व्यक्ति कार्तिक मास स्नान करते हैं उनका नियम कार्तिक पूर्णिमा को पूरा हो जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन श्री सत्यनारायण व्रत की कथा सुनी जाती है। सांयकाल घर के पूजा गृह में आंगन में,देव मन्दिरों में, चौराहों में,गलियों में,पीपल के वृक्षों तथा तुलसी के थान के पास दीपक जलाएं जाते हैं और गंगा जी में,नदी, सरोवरों,जलाषयों में भी दीपदान किया जाता है। विशेष रूप से काशी में यह पूर्णिमा देव दीपावली महोत्सव के रूप में मनायी जाती है।
चान्द्रायण व्रत की समाप्ति कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही होती है
सिक्ख धर्म में यह दिन गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के रूप में उनकी जयंती का पर्व मनाते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह कार्तिक पूर्णिमा अत्यन्त पावन पर्व है।असुरों पर विजय प्राप्ति की खुशी में इस दिन देवता भी काशी के घाटों और स्वर्ग में दीप जलाकर उत्सव मनाते हैं, इसे देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यता यह भी है कि भगवान शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर नामक दैत्य का और उसकी तीन नगरियों का अंत किया था, जिससे भगवान शिव को ‘ त्रिपुरारी‘नाम मिला। इसी दिन सांयकाल के समय भगवान विष्णु का मत्स्यावतार हुआ था।
दक्षिण भारत में इसे भगवान कार्तिकेय के जन्म दिन और पितरों के स्मरण से भी जोड़ा जाता है।
आप सभी महानुभावों को देव दीपावली व प्रकाश पर्व के इस शुभ पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं!

बृजमोहन जोशी
२३८/२ नया बाजार तल्लीताल नैनीताल।

Advertisement
ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से ओखलकांडा ब्लॉक के वारी गाँव की सड़क के लिए 84 लाख स्वीकृति
Ad Ad Ad