कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत को सीआरएस लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित
नैनीताल । कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत को शैक्षणिक प्रशासन एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सीआरएस लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान 8 जुलाई को सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, राजकोट में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारत के प्रख्यात परमाणु वैज्ञानिक एवं पद्म विभूषण डॉ. अनिल काकोडकर द्वारा प्रदान किया गया।
चिरंतन रसायन संस्था (सीआरएस) की स्थापना वर्ष 2016 में विद्यासागर विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल द्वारा की गई थी। संस्था देशभर में उन शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं को सम्मानित करती है जिन्होंने शैक्षणिक नेतृत्व, उच्च शिक्षा के विकास तथा अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान दिया है।
प्रो. रावत को यह सम्मान उच्च शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण नेतृत्व, नवाचार, प्रभावी शैक्षणिक प्रशासन तथा अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की दिशा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
कुमाऊँ विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. दीवान एस. रावत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं तथा इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया है। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियाँ अर्जित करेगा।








