चारधाम यात्रा ने तोड़ा रिकॉर्ड, केदारनाथ में बनेगा 4000 करोड़ का रोपवे

नैनीताल l उत्तराखंड में पर्यटन विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सलाहकार सुभाष बगोली ने बताया कि पूरे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में दो बहुत बड़े रोपवे प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। इसमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट केदारनाथ का है। सोनप्रयाग से केदारनाथ तक लगभग 12.9 किलोमीटर (लगभग 15 किमी) लंबा रोपवे 4,081.28 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। यह देश का सबसे उन्नत ट्राई-केबल डिटेचेबल गोंडोला तकनीक पर आधारित होगा। इससे 8 से 9 घंटे की कठिन चढ़ाई मात्र 36 मिनट में पूरी हो सकेगी और एक दिन में 18 हजार यात्री सफर कर सकेंगे। दूसरा रोपवे गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किमी लंबा बनाया जाएगा, जिसकी लागत करीब 2730 करोड़ रुपये होगी। सुभाष बगोली ने बताया कि इस साल चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी है। अभी तक 48 लाख से अधिक पर्यटक चारधाम यात्रा कर चुके हैं। अकेले यमुनोत्री धाम में महज 25 दिनों में 68 हजार से अधिक पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचे हैं। रोपवे बनने से यात्रा पूरे साल सुगम होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।











