मेनू कैम्प के सातवें दिन कैडेट्स ने 26.5 किमी सेलिंग पूरी की,नैना देवी मंदिर के समीप नुक्कड़ नाटक से दिया प्लास्टिक मुक्त नैनीताल का संदेश, ठंडी सड़क पर चलाया स्वच्छता अभियान
नैनीताल, 23 अगस्त 2026। 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी , नैनीताल द्वारा आयोजित मेनू कैम्प –2026 के सातवें दिन कैडेट्स ने नैनी झील में 26.5 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। इसके साथ ही सात दिनों में कैडेट्स द्वारा कुल 182.5 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की जा चुकी है। नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ कैडेट्स ने रविवार को जनजागरूकता, स्वच्छता और साहसिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी की।
5 यूके नेवल यूनिट एनसीएसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि कैम्प के सातवें दिन सेलिंग के साथ कैडेट्स द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि मेनू कैम्प का उद्देश्य कैडेट्स को नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी से जोड़ना भी है।
कैडेट्स ने नैना देवी मंदिर के समीप नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम लोगों और पर्यटकों को प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा नैनीताल को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कैडेट्स ने प्लास्टिक कचरे से पर्यावरण और नैनी झील को होने वाले नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया तथा लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
इसके बाद कैडेट्स ने ठंडी सड़क क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया और मार्ग एवं आसपास से प्लास्टिक सहित अन्य कचरा एकत्र किया। कैडेट्स की इस पहल के yमाध्यम से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कैम्प के अंतर्गत नैनीताल माउंटेनियरिंग क्लब के सहयोग से डीएसए ग्राउंड, नैनीताल में कैडेट्स के लिए आर्टिफिशियल माउंटेन क्लाइम्बिंग गतिविधि आयोजित की गई। कैडेट्स ने कृत्रिम पर्वतारोहण संरचना पर चढ़ाई का अभ्यास किया और पर्वतारोहण से संबंधित तकनीकों, संतुलन, सुरक्षा तथा आत्मविश्वास के साथ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कैप्टन मृदुल शाह ने कहा कि सेलिंग, पर्वतारोहण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियाँ कैडेट्स के समग्र व्यक्तित्व विकास का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से कैडेट्स में नेतृत्व, साहस, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसे संवेदनशील हिमालयी पर्यटन क्षेत्र में प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। एनसीसी कैडेट्स द्वारा स्वयं आगे बढ़कर स्वच्छता अभियान चलाना और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक करना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
कैम्प की गतिविधियों में चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद कुमार, चीफ पेटी ऑफिसर विक्रांत सिंह, पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर, अमर प्रधान, सनी कुमार, पेटी ऑफिसर दीपक कुमार तथा पेटी ऑफिसर अनूप कुमार सहित अन्य स्टाफ ने सहयोग किया।











