मानसून के दौरान जनपद में हाई अलर्टबिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अधिकारी, 24×7 अलर्ट मोड में रहेगा पूरा प्रशासन


नैनीताल, । जनपद नैनीताल में मानसून सक्रिय होने तथा भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा समय-समय पर भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित आपदाओं से जन-धन की सुरक्षा तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मानसून अवधि के दौरान कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, नोडल अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने मुख्यालय एवं कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  मार्ग में फिसलने से पर्यटक घायल

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल एवं संपर्क नंबर 24×7 सक्रिय रखें तथा जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी करते हुए स्थिति पर सतत नजर बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपदा से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, नैनीताल को दूरभाष 05942-231178, 05942-231179, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा पुलिस वायरलेस के माध्यम से तत्काल अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून अवधि में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आदेशों की अवहेलना अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।