नैनीताल के ऑल सेंट्स कॉलेज में स्पिक मैके द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

नैनीताल। स्पिक मैके (सोसायटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंगस्ट यूथ) द्वारा नैनीताल के प्रतिष्ठित विद्यालय ऑल सेंट्स कॉलेज में भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संस्कृति पर आधारित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को निकट से जानने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजिना रिचर्ड्स, देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी ख्याति प्राप्त प्रसिद्ध कुचिपुड़ी नृत्यांगना श्रीमती प्रतीक्षा काशी तथा गुरु व्यंजन्ति काशी, बी एन कुमार, पृथ्वी कृष्णा, कुमार बाबू व अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर किया गया।
इसके बाद श्रीमती प्रतीक्षा काशी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद रामायण के सीता हरण प्रसंग का भावपूर्ण मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों ने तांडव नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में कुचिपुड़ी नृत्य के माध्यम से जीवन के पांच तत्वों का सुंदर चित्रण किया गया। आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध कुचिपुड़ी शैली की विशेष प्रस्तुति ‘तरंगम’ में कलाकार ने पीतल की थाली के किनारे पर नृत्य कर सभी को आश्चर्यचकित और भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर स्पिक मैके के कुमाऊं क्षेत्र के कॉर्डिनेटर सार्थक अरोड़ा, सेंट मेरी कॉन्वेंट कॉलेज की प्रधानाचार्या रेव. सिस्टर टॉमसी, वृंदावन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती राखी साह, ग्रुप कैप्टन अच्युत कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वान्या वारसी और जोविता अरोड़ा द्वारा किया गया।










