कुमाऊँ विश्वविद्यालय में पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग द्वारा चार नए निःशुल्क कौशल आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शीघ्र होंगे प्रारम्भ

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग द्वारा उत्तराखंड कौशल विकास सोसाइटी, उत्तराखंड सरकार के तत्वावधान में तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत चार नए अल्पकालिक कौशल आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शीघ्र प्रारम्भ किए जाएंगे। ये सभी पाठ्यक्रम नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के अनुरूप संचालित होंगे।
विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में नेचर गाइड, एडवेंचर ट्रेवल गाइड (हाई एल्टीट्यूड), कैंपिंग एंड ट्रैकिंग गाइड तथा जूनियर इंस्ट्रक्टर (रोप एक्टिविटी) शामिल हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा तथा कुल 240 युवाओं को इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रशिक्षण से संबंधित समस्त व्यय शासन द्वारा वहन किया जाएगा। कुछ पाठ्यक्रमों के लिए संबंधित क्षेत्र का पूर्व ज्ञान आवश्यक होगा, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों के लिए यह अनिवार्य नहीं है। सभी अभ्यर्थियों के लिए वैध आधार कार्ड होना तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है।
प्रो. अशोक ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी तथा प्रवेश “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल राज्य के स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग, द हर्मिटेज, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल से संपर्क कर सकते हैं।











