फॉरेस्ट गार्ड के बेटे ने की पीसीएस की परीक्षा उत्तीर्ण, बने राज्य कर अधिकारी

नैनीताल l संघर्ष और मेहनत से हर मंजिल पाई जा सकती है। इसे सौड निवासी फॉरेस्ट गार्ड चंदन सिंह बिष्ट के बेटे दिनेश सिंह बिष्ट ने सच कर दिखाया है। दिनेश ने उत्तराखंड पीसीएस 2024 बैच की परीक्षा उत्तीर्ण कर राज्य कर अधिकारी का पद हासिल किया है। खास बात यह कि उन्होंने यह सफलता नौकरी के साथ सेल्फ स्टडी कर हासिल की।
दिनेश सिंह बिष्ट इससे पहले सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने पीसीएस की तैयारी जारी रखी और 2024 बैच में इंटीग्रेटेड पोस्ट के तहत राज्य कर अधिकारी बने। दिनेश के पिता चंदन सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड हैं, माता कमला देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाले दिनेश ने संसाधनों के अभाव को कभी अपनी राह की रुकावट नहीं बनने दिया। दिनेश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ सेल्फ स्टडी को दिया। उन्होंने बताया कि कोचिंग के बिना, नौकरी के बाद रोज 5-6 घंटे पढ़ाई कर उन्होंने यह मुकाम पाया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।











