मल्लीताल क्षेत्र में देर रात दो गुट भिड़े, सुबह कोतवाली में लगी भीड़
नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में सोमवार देर रात डीएसबी के छात्रों व स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के छात्र व स्थानीय युवक चोटिल हो गए। मंगलवार को स्थानीय कारोबारी व छात्र कोतवाली में पहुंचे तो वहां भी हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार मल्लीताल रॉयल होटल कम्पाउंड क्षेत्र में देर रात छात्र व स्थानीय गुटों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ी तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के कुछ लोग चोटिल हो गए। जब हो हल्ला हुआ तो क्षेत्र में लोग घरों से बाहर निकल गए और पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस के पहुंचने तक युवक मौके से फरार हो गए। ईधर मंगलवार को छात्र व कारोबारी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करने लगे। दोनों के बीच बहस बढ़ी तो मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिसको देख कोतवाली के बाहर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बीच बचाव करते हुए हाथापाई रोक दी। एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।









