ग्रामीण क्षेत्र न्याय पंचायत खुर्पाताल के घटगढ़ स्थित कैंप ब्रोखली में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई

नैनीताल । खुर्पाताल/नैनीताल। नैनीताल के निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्र न्याय पंचायत खुर्पाताल के घटगढ़ स्थित कैंप ब्रोखली में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने इस बात पर भी चर्चा की कि सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए और लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों से जुड़ी सड़क, बिजली और पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके जल्द समाधान के लिए मिलकर प्रयास करने पर सहमति बनी। संगठन को कैसे मजबूत करें और जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं और देश में युवाओं के हित पर केंद्रित होकर सरकार की भविष्य की योजनाओं के प्रति जनता का ध्यान कैसे आक्रष्ट करें इस पर बातचीत हुई।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता हेम आर्या, भुवन आर्या, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नैनीताल सुरेश उप्रेती, ओबीसी मोर्चा महामंत्री गौरव गोस्वामी, मंडल मंत्री विजय सिंह बिष्ट, हेमंत कनवाल, किसान मोर्चा महामंत्री योगेश बिष्ट, दीपक कनवाल, मंडल महामंत्री दीपक महरा, मंडल उपाध्यक्ष ग्रामीण सुंदर सिंह बिष्ट, दीपक बिष्ट, पंकज बगड़वाल समेत ग्रामीण मंडल के भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।












