नैनीताल तहसील के अंतर्गत राशन कार्डो का सत्यापन कर अपात्र पाए जाने पर अभी तक 339 राशन कार्ड किए गए निरस्त

नैनीताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इन दिनों गठित टीमों द्वारा घर घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है ।प्रचलित राशन कार्डो के सत्यापन कार्य हेतु जनपद, तहसील और विकास खंड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं । जनपद स्तर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), तहसील/शहर स्तर पर उपजिलाधिकारी और विकास खण्ड स्तर पर खण्ड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है । जनपद नैनीताल में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्राथमिक परिवार के कुल 113642 , अंत्योदय अन्न योजना के 17834 और राज्य खाद्य योजना के कुल 101104 राशन कार्ड और उन राशन कार्डों में दर्ज यूनिट का सत्यापन कराया जा रहा है । जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने जानकारी देते हुए कहा कि टीमों द्वारा अभी तक जिले में 30383 राशन कार्ड और 130012 यूनिटों का सत्यापन कर 1202 राशन कार्ड और 5116 यूनिट पात्रता की श्रेणी से बाहर हो जाने के कारण इन राशन कार्डों को विभाग द्वारा निरस्त करने की कार्यवाही की जा रही है । क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट द्वारा जानकारी देते हुए कहा कि नैनीताल तहसील के अंतर्गत गठित टीमों द्वारा अभी तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित कुल 32161 राशन कार्ड में से 9828 राशन कार्ड का सत्यापन करते हुए अपात्र पाए जाने पर कुल 339 राशन कार्ड को निरस्त करने की कार्यवाही की जा रही है जिसमे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्राथमिक परिवार के कुल 147 राशन कार्ड , अंत्योदय अन्न योजना के 11 और राज्य खाद्य योजना के 181 राशन कार्ड सम्मिलित हैं । उन्होंने यह भी कहा कि प्रचलित सभी राशन कार्ड का सत्यापन किया जा रहा है सत्यापन कार्य पूर्ण होने तक अभियान जारी रहेगा और कहा कि जिन राशन कार्ड धारकों द्वारा अभी तक ई केवाईसी नहीं कराई गई है वे संबंधित राशन की दुकान में जाकर अथवा घर बैठे भी प्ले स्टोर से मेरा ई केवाईसी एप डाउनलोड कर राशन कार्ड की ई केवाईसी कर सकते हैं ।