रविवार को 15वी ‘मानसून माउंटेन मैराथन’ प्रतियोगिता संपन्न हुई, पुरुष वर्ग में प्रभु तथा महिला वर्ग में ज्योति रही प्रथम

ननीताल। ‘रन टू लिव’ संस्था के सहयोग से रविवार को 15वी ‘मानसून माउंटेन मैराथन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 1400 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उदघाटन सुबह ठीक 7 बजे हुआ। सबसे पहले 21 किलोमीटर की दौड़ हुई जिसमें 210 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके बाद मिनी दौड़ जिसमें 250, 5 किलोमीटर की दौड़ जिसमें 200 तथा उसके बाद 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई जिसमें 240 धावकों ने भाग लिया। अंत में “रन फॉर फन” प्रतियोगिता हुई जिसमें 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। सबसे रोमांचक मुकाबला ओपन पुरुष वर्ग में देखने को मिला, जहां प्रभु महतो ने शानदार दौड़ लगाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनके ठीक पीछे जॉन किसीलु दूसरे और मुकेश सिंह बोरा तीसरे स्थान पर रहे। इसी वर्ग में कुलदीप नेगी को चौथा और मनप्रीत सिंह को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, ओपन महिला वर्ग में ज्योति ने अपनी रफ्तार का जलवा बिखेरते हुए पहला स्थान काबिज किया। इस वर्ग में भावना नेगी दूसरे, एकता रावत तीसरे और उषा चौथे पायदान पर रहीं।मास्टर्स कैटेगरी (40 वर्ष से अधिक) की 21 किलोमीटर दौड़ में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली। 40 से ऊपर पुरुष वर्ग में हरप्रीत सिंह ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि कलाम सिंह बिष्ट दूसरे और बिनय साह तीसरे स्थान पर रहे। इसी आयु की महिला वर्ग में लीला साह प्रथम, भूमिका रावत द्वितीय और कल्पना तृतीय स्थान पर रहीं।इसके अलावा, सीनियर मास्टर्स (50 वर्ष से अधिक) की 21 किलोमीटर श्रेणी में अनुभवी धावकों ने अपना दम दिखाया। 50 से ऊपर पुरुष वर्ग में नंदन सिंह ने प्रथम, तारा बहादुर थापा ने द्वितीय और सुनील कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिलाओं की 50 से ऊपर श्रेणी में वंदना सिंह शीर्ष पर रहीं, जबकि इंदिरा दीवान गहलोत को दूसरा और स्मिती नेगी को तीसरा स्थान मिला। सभी विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि न्यायाधीश मनोज तिवारी, पालिकाध्यक्ष डॉक्टर सरस्वती खेतवाल, उत्तराखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य प्रदीप मणि आदि मौजूद रहे । संचालन नवीन पांडे ने किया । प्रतियोगिता को सफल बनाने में संस्था के विभिन्न सदस्य जुटे हुए थे ।