कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है – मोहन पाल

नैनीताल। भाजपा नेता मोहन पाल ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिना किसी ठोस आधार के प्रधानमंत्री, निर्वाचन आयुक्त और अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रही है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, वह पूरी तरह हाशिये पर चला गया है और जनता को गुमराह करने के लिए ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से परेशान हैं। पिछले 12 सालों में देश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। मेडिकल कॉलेज बने हैं, सड़कों का जाल बिछा है और देश की सुरक्षा पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पहले हम सुरक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर थे, आज हम खुद सुरक्षा यंत्र बना रहे हैं।भाजपा नेता ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़ा काम हुआ है। सरकारी नौकरी में सीटें सीमित हैं, लेकिन प्राइवेट सेक्टर में हजारों युवाओं को रोजगार मिला है, हजारों शोरूम खुले हैं। लोगों को मेडिकल, राशन सहित सभी सुविधाएं मिल रही हैं। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज खुला है, हल्द्वानी में मेडिकल कॉलेज है और किच्छा में एम्स आना प्रधानमंत्री की सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री धामी घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। रेखा आर्या के पति जो कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर आरोप लगा रहे हैं l उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाला खुद घोटाले में लिप्त है। यशपाल आर्या और उनके बेटे को पार्टी ने सम्मान दिया, लेकिन वे पार्टी में टिक नहीं पाए और वापस कांग्रेस में चले गए। मोहन पाल ने कहा कि वे पिछले 10 साल से नैनीताल विधानसभा से तैयारी कर रहे हैं। दिनेश आर्या के राज्यसभा में जाने के बाद वे अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वे उसका सम्मान करेंगे।













