तंबाकू मुक्त भारत अभियान के तहत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया
नैनीताल । घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मढ मे गिरीश चन्र्द की अध्यक्षता में तंबाकू मुक्त भारत अभियान के तहत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने विचारों से सभी को प्रभावित किया।
बच्चों ने अपने भाषण के माध्यम से तंबाकू सेवन और नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान एवं दुष्प्रभावों को सामने रखा। साथ ही स्वस्थ जीवन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए तंबाकू छोड़ने, नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को तंबाकू एवं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने बच्चों के बीच स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया।सोसाइटी के सदस्य गिरीश चन्र्द ने अपने संबोधन में कहा कि सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य पिथौरागढ़ के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड को तंबाकू मुक्त और नशा मुक्त बनाना है। इसी संकल्प को लेकर सोसाइटी लगातार विभिन्न स्थानों और विद्यालयों में पहुंचकर जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सोसाइटी की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में नशे के प्रति समझ और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही।










