बी.डी. पांडे अस्पताल में एनएसएस इकाई ने लगाया रक्तदान शिविर

नैनीताल । भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता के दिशानिर्देश और पीएमएस बी.डी.पाण्डे अस्पताल, डाॅ प्रियांशु श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 5 अक्टूबर 2026 को बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षको,कर्मचारी सहित एनएसएस स्वयंसेवकों और बी.एड. प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया।
शिविर के आयोजन में बी.डी. पांडे अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। एनएसएस स्वयंसेवकों ने रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाते हुए लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी बिष्ट तथा वरिष्ठ शिक्षक आलोक कुमार ने रक्तदाताओं, चिकित्सकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।













