एच जी डिग्री कॉलेज, भीमताल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया।

नैनीताल । कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि इला कैड़ा प्रधानाचार्या बालिका इंटर कॉलेज , भीमताल प्रवक्ता सरोज तिवारी तथा कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर एवं शिक्षा संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जीवन में निरंतर सीखने, परिश्रम करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मुक्ता ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने शैक्षणिक जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात स्वागत गीत के माध्यम से नवागंतुक विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं तथा रैंप वॉक जैसी गतिविधियों ने आयोजन को आकर्षक और यादगार बना दिया। अपने संबोधन में प्रॉफ तिवारी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है । शिक्षक होना गर्व का विषय है बी एड के विद्यार्थियों के लिए ये प्रथम सीढ़ी है । डॉ तिवारी ने कहा वशिष्ठ ,विश्वामित्र , चाणक्य , मदन मोहन मालवीय तथा अब्दुल कलाम हमारे आदर्श है । शिक्षक सकारात्मक तथा विषय की कठिनता को सरल बनाता है ।
अंत में मिस्टर फ्रेशर शोर्य चहल तथा मिस फ्रेशर कविता को चुना गया ।कार्यक्रम उत्साह उमंग एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्राचार्या व समस्त स्टाफ ने सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की। विजेताओं को प्रॉफ ललित तिवारी तथा डॉ मुक्ता ने पुरस्कार वितरित किए ।













