जिप लाईन बिछाने पर ग्रामीणों ने हंगामा काटा सिंचाई विभाग ने काम रोका

नैनीताल। खुर्पाताल क्षेत्र के लोगों ने सरिताताल में स्काई साईकिलिंग व जिप लाईन बिछाने पर विरोध जताया है। विरोध के बाद भी काम ना रूकने पर ग्रामीणों ने मंगलवार को सिंचाई विभाग के कार्यालय का घेराव कर दिया। जिसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काम रोक दिया है।

बतादें कि सरिताताल क्षेत्र में स्काई साईकिलिंग के लिए निर्माण कार्य किया जा रहा था। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। विरोध पर भी जब कार्य नहीं रूका तो ग्रामीणों ने सोमवार को सिंचाई विभाग को पत्र देते हुए कार्य को अवैध बताकर कार्य को रोकने की अपील की। जब मंगलवार को भी सरिताताल में काम नहीं रूका तो ग्रामीणों नें सिंचाई विभाग के कार्यालय में पहुंचकर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नैनीताल के दो व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से स्काई साईकिलिंग व जिप लाईन के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। ग्रामीणों नें कार्य ना रूकने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दी। ईधर सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता डीडी सती ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जिप लाईन का कार्य रोक दिया गया है। फिलहाल व्यक्ति के पास अनुमति व दस्तावेंजों की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस को शिकायती पत्र दे दिया है।