कुमाऊँ विश्वविद्यालय के सर जे०सी० बोस तकनीकी परिसर, भीमताल में, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र जैव प्रौद्योगिकी विभाग, भीमताल में बनाया गया है

नैनीताल । कुमाऊँ विश्वविद्यालय के सर जे०सी० बोस तकनीकी परिसर, भीमताल में, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र जैव प्रौद्योगिकी विभाग, भीमताल में बनाया गया है। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के भीमताल अध्ययन केंद्र की समन्वयक के रूप में प्रो० वीना पाण्डे को जिम्मेदारी प्रदान की गयी है। प्रो० वीना पाण्डे ने बताया कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के स्नातक एवं परास्नातक के सांथ-सांथ कई डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट प्रोग्राम में पंजीकरण हेतु उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय प्रतिवर्ष जुलाई एवं जनवरी माह में आवेदन आमंत्रित करता है, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी अध्ययन केंद्र में आकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। समन्वयक डॉ० वीना पाण्डे ने बताया कि विश्विद्यालय की कार्यप्रणाली, नीतियों, सुविधाओं, परीक्षा प्रणाली, कौशल विकास कार्यक्रमों इत्यादि से नवांगतुक शिक्षार्थियों को परिचित कराने के लिए यह केन्द्र पूरी तन्मयता से कार्य करेगा। जिससे कि इस क्षेत्र के लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में बहुआयामी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त होगा। विश्वविद्यालय के भीमताल केन्द्र की स्थापना पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० दीवान सिंह रावत एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० नवीन चन्द्र लोहनी सहित दोनों विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकगणों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए समन्वयक प्रो० वीना पाण्डे को केन्द्र की उन्नति एवं प्रगति के लिए शुभकामनाएं प्रदान की।