एस.आई.आर. के अंतर्गत “शंका समाधान संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से युवा मतदाताओं एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को किया गया जागरूक


नैनीताल । जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नैनीताल, जिला नोडल अधिकारी नैनीताल/मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी/जिला समन्वयक स्वीप नैनीताल के निर्देशन में स्वीप टीम नैनीताल द्वारा एस.आई.आर. के संबंध में युवा मतदाताओं, विद्यार्थियों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को जागरूक करने, उनकी शंकाओं का समाधान करने तथा मतदाता सूची के सत्यापन एवं अद्यतन में आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में विभिन्न स्थानों पर “शंका समाधान संवाद” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 13 अगस्त 2026 (गुरुवार) को स्वीप टीम नैनीताल द्वारा सर्वप्रथम आम्रपाली विश्वविद्यालय में प्राध्यापकों, प्राचार्य एवं युवा मतदाताओं (विद्यार्थियों) के मध्य एस.आई.आर. के संबंध में “शंका समाधान संवाद” आयोजित किया गया। इस दौरान युवा मतदाताओं को एस.आई.आर. की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई तथा उनकी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही, उन्हें मतदाता सूची से संबंधित अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात विकास भवन, भीमताल के अंतर्गत स्थित महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद एवं सम्मेलन किया गया। इस दौरान महिलाओं को एस.आई.आर. के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करते हुए मतदाता सूची के सत्यापन एवं अद्यतन के महत्व से अवगत कराया गया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।
आज के कार्यक्रमों के दौरान अधिकारी वर्ग, प्राध्यापक, प्राचार्य, कर्मचारी वर्ग, युवा मतदाता, विद्यार्थी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने स्वीप गतिविधियों से जुड़ते हुए एस.आई.आर. प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता का संकल्प लिया।
जनपद स्तरीय स्वीप टीम में श्री राकेश लाल वर्मा, डॉ. प्रदीप उपाध्याय, श्रीमती मीनाक्षी कीर्ति, अभिलाषा कीर्ति एवं श्रीमती दीपा रैक्वाल उपस्थित रहे।