सात माह की गर्भवती निकली 14 वर्षीय किशोरी– पुलिस ने पोक्सो में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को भेजा जेल– बीडी पांडे अस्पताल में जांच में हुई पुष्टि
नैनीताल। शहर के दूरस्थ बेतालघाट थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। शिकायत पुलिस तक पहुंचाने के बाद आरोपित के विरुद्ध पोक्सो की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया गया है। बीडी पांडे अस्पताल में पीड़िता की जांच करने पर उसके सात माह के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
जानकारी के मुताबिक बेतालघाट थाना क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय किशोरी बीते शनिवार से पेट मे दर्द की शिकायत बताते हुए स्कूल नहीं जा रही थी। बीते मंगलवार को स्वजनों ने उसका पेट बढ़ा देख सख्ती से पूछताछ की तो उसने कई महीनों से माहवारी नहीं आने और एक युवक द्वारा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की जानकारी दी। यह सुन स्वजनों के होश उड़ गए। तत्काल बेतालघाट थाने पहुंच उसके पिता ने पुलिस को शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के ही 20 वर्षीय युवक के विरुद्ध 3/4 पोक्सो और बीएनएस की धारा 65(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसे न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है। इधर गुरुवार को पुलिस पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां अल्ट्रासाउंड जांच में उसके 31 माह के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। एसआई प्रेमा कोरंगा ने बताया कि फिलहाल पीड़िता के न्यायालय में 164 के बयान कराए जाने है। न्यायालय के निर्देशों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।









