शहीद लोबगा रांगज़ेन की स्मृति में तिब्बती युवा कांग्रेस की शांतिपूर्ण रैली

नैनीताल। क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस, नैनीताल के नेतृत्व में सोमवार को शहीद लोबगा रांगज़ेन की स्मृति में शांतिपूर्ण विरोध रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से तिब्बती समुदाय ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तिब्बत से जुड़े विभिन्न मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।रैली की शुरुआत मल्लीताल स्थित तिब्बती मार्केट से हुई। इसके बाद प्रतिभागी बड़ा बाजार, मॉल रोड और तल्लीताल डांठ तक पहुंचे तथा वहीं से वापस तिब्बती मार्केट लौटकर कार्यक्रम का समापन किया गया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चीन द्वारा हाल ही में लागू किए गए “एथनिक यूनिटी एंड प्रोग्रेस लॉ” को लेकर तिब्बती समुदाय में चिंता है। उनका कहना था कि इस कानून का तिब्बतियों सहित अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक स्वतंत्रता, भाषा, संस्कृति और पहचान पर प्रभाव पड़ सकता है। रैली के माध्यम से इन विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस नैनीताल के अध्यक्ष तेनज़िन जिग्मे, तिब्बती मार्केट वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष येशी थुप्तेन सहित तिब्बती समुदाय के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।









