नैनीताल। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर फ्लोरिस्ट लीग इंडिया, नैनीताल की ओर से 19 अगस्त को ओपन फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में फोटोग्राफी के शौकीन और प्रतिभागी अपनी तस्वीरों को प्रदर्शित कर सकेंगे।
फ्लोरिस्ट लीग इंडिया, नैनीताल के सचिव मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रदर्शनी का आयोजन सीआरएसटी इंटर कॉलेज हॉल, नैनीताल में किया जाएगा। इसमें प्रतिभागिता शुल्क 100 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम चार फोटो प्रदर्शित कर सकता है। फोटो का न्यूनतम आकार 12×18 इंच और अधिकतम आकार 20×30 इंच रखा गया है। प्रदर्शनी के लिए फोटो जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 को दोपहर तीन बजे तक निर्धारित की गई है। प्रतिभागी फोटो हिमांशु जोशी, म्यूनिसिपल मार्केट मल्लीताल, फ्लोरिस्ट लीग इंडिया कार्यालय सीआरएसटी इंटर कॉलेज नैनीताल अथवा नेहा फोटो स्टूडियो, मल्लीताल में अहद तनवीर के पास जमा कर सकते हैं। बताया कि मोबाइल से खींची गई तस्वीरें भी, यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप हों, तो प्रदर्शनी में स्वीकार की जाएंगी।