कुविवि के डॉ. जीवन उपाध्याय का दिल्ली विवि में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित वाणिज्य विभाग में कार्यरत डॉ. जीवन चंद्र उपाध्याय का मैत्रेयी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन हुआ है। उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
डॉ. जीवन चंद्र उपाध्याय पिछले लंबे समय से कुमाऊं विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिक्षण, शोध और विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। विभाग में उनकी कार्यशैली और विद्यार्थियों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार की भी सराहना की जाती रही है। उनके दिल्ली विश्वविद्यालय में चयन को शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी मेहनत और उपलब्धियों का परिणाम बताया गया। डॉ. जीवन के चयन पर वाणिज्य विभाग के संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. जीवन का चयन विभाग के लिए भी गौरव की बात है। सहकर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि पर डॉ. आरती पंत, डॉ. विजय कुमार, डॉ. ममता जोशी, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. विनोद जोशी, डॉ. हिमानी जलाल, डॉ. तेजप्रकाश, डॉ. पूजा जोशी पालीवाल, डॉ. रितिशा शर्मा, डॉ. मेराज, डॉ. ताबिश, डॉ. पंकज भट्ट, अमनदीप कौर, दीक्षा पंत, हिमांशु बिष्ट, घनश्याम पालीवाल, बिशन आदि ने डॉ. जीवन उपाध्याय को बधाई दी है।









