शुक्रवार को सांसद अजय भट्ट ने विकास कार्यों का लोकार्पण किया

नैनीताल । सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में नवनिर्मित रीडिंग रूम और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कुविवि में 1.5 करोड़ की लागत से रीडिंग रुम, परीक्षण केंद्र और अतिथि गृह का नवीनीकरण कार्य किया गया है l कुविवि के कुलपति प्रो. डीएस रावत ने सांसद के समक्ष कुमाऊं विश्वविद्यालय के सभी विकास कार्यों और छात्रों के शोध की प्रस्तुति दी l प्रो. रावत ने कहां की पहले कुविवि में छात्रों के परीक्षा फल की प्रिंटिंग का खर्च लगभग पांच करोड़ आता था, जो अब लग भाग 70 से 80 लाख रुपए आता है l विश्वविद्यालय प्रति वर्ष साढ़े चार करोड़ से अधिक की बचत कर छात्र हित में खर्च कर रहा है l इसके साथ ही 13 साल बाद विवि में नए शिक्षकों की भर्ती हुई है, जिसमें बाहर के शिक्षक भी है l इसके साथ ही छात्रों को जापान में इंटरनशिप के लिए भी भेजा जा रहा है l सांसद भट्ट ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचना का मजबूत होना जरूरी है। नया रीडिंग रूम छात्रों को बेहतर अध्ययन का माहौल देगा। यहां एक साथ 200 से अधिक विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। रीडिंग रूम को वाई-फाई, एसी और आधुनिक फर्नीचर से लैस किया गया है। सांसद भट्ट ने विश्वविद्यालय को शोध और नवाचार का केंद्र बनाने के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने छात्रों से नई सुविधाओं का लाभ उठाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान भी किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सांसद निधि से पुस्तकालय के आधुनिकीकरण के लिए 45 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। इससे रीडिंग रूम के अलावा ई-लाइब्रेरी सेक्शन, डिजिटल कैटलॉग सिस्टम और पुस्तकालय भवन का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है। इस दौरान विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री, प्रो. दीवान सिंह रावत, सहायक कुलसचिव राकेश विश्वकर्मा, परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, प्रो . एम सी जोशी, डॉ. उमंग, डॉ. अशोक उप्रेती, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत आदि मौजूद रहे l








