ओखलकांडा पीएचसी को मिले चिकित्सा उपकरण
नैनीताल ।आर्ट ऑफ लिविंग की स्थापना के 45 वर्ष पूर्ण होने तथा संस्थापक आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को ओखलकांडा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को चिकित्सा उपकरण वितरित किए गए। यह पहल जयंती केयर्स एवं हिमालय उन्नति मिशन ग्रामीण विकास कार्यक्रम ट्रस्ट, आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना और स्थानीय समुदायों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हिमालय उन्नति मिशन के प्रोग्राम डायरेक्टर अमित मेहता ने बताया कि यह पहल “मॉडल लैंडस्केप डेवलपमेंट प्रोग्राम” के अंतर्गत की गई है। इससे पीएचसी ओखलकांडा द्वारा सेवित लगभग 48 हजार से अधिक आबादी, 8 हजार से ज्यादा परिवारों और 75 से अधिक गांवों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में समग्र विकास के साथ स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। सामुदायिक सहभागिता से ही सतत एवं प्रभावी विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। इस दौरान आर्ट ऑफ लिविंग की स्टेट एपेक्स मेंबर व संयोजक रेशमा टंडन, भूतपूर्व संयोजक जितेंद्र साहनी, शिक्षक ज्योति मेहरा, सुनीता वर्मा, पीएचसी ओखलकांडा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजलि, हिमालय उन्नति मिशन के समुदाय समन्वयक प्रकाश पचवाड़ी आदि मौजूद रहे l












