पितृछाया से वंचित बालिकाओं की शिक्षा के लिए नैनीताल का समाज एकजुट, हिलट्रेक सोसाइटी की पहल को मिला व्यापक सहयोग

नैनीताल। किसी भी बच्ची के सपनों को उसकी पारिवारिक अथवा आर्थिक परिस्थितियों के कारण रुकना नहीं चाहिए। इसी भावना को साकार करने की दिशा में हिलट्रेक सोसाइटी फॉर एजुकेशन, एनवायरनमेंट एंड एनर्जी द्वारा सीआरएसटी इंटर कॉलेज, नैनीताल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नैनीताल नगर के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत उन बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाना था, जो अपने पिता अथवा माता-पिता दोनों के स्नेह एवं संरक्षण से वंचित हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नैनीताल श्री विवेक राय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नैनीताल नगर के प्रमुख व्यवसायी, शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सोसाइटी के फाउंडर मेंबर श्री वैभव जोशी (IIT BHU, वाराणसी) ने संस्था द्वारा वर्तमान में संचालित सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। सोसाइटी के फाउंडर मेंबर श्री कुशाग्र जोशी (IIT गुवाहाटी) का भी संस्था की गतिविधियों एवं शैक्षिक उद्देश्यों में महत्वपूर्ण योगदान है। इसके पश्चात सोसाइटी की को-फाउंडर सुश्री अद्विका ने संस्था की भविष्य की योजनाओं एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

छात्रवृत्ति एवं सहायता की महत्वपूर्ण घोषणाएं

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष नैनीताल के गणमान्य व्यक्तियों, व्यवसायियों एवं शिक्षण संस्थानों द्वारा बालिकाओं की शिक्षा के लिए आगे बढ़कर सहयोग की घोषणा करना रहा।

एलपीएस इंटर कॉलेज, नैनीताल के प्रधानाचार्य श्री भुवन चंद्र त्रिपाठी द्वारा चार विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की गई। बिड़ला विद्या मंदिर द्वारा छह विद्यार्थियों के लिए तथा नैनीताल के प्रमुख होटल व्यवसायी श्री आशीष बजाज द्वारा पाँच छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति की घोषणा की गई।

इसी क्रम में प्रमुख व्यवसायी श्री मारुति साह द्वारा दस बालिकाओं के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की गई। साथ ही उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र में भी इस पुनीत कार्य को निरंतर सहयोग देने के उद्देश्य से एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

तल्लीताल के प्रमुख व्यवसायी एवं आज्ञाज कलेक्शन के स्वामी श्री अमनदीप सिंह ने भी बालिकाओं की शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने की घोषणा करते हुए प्रतिवर्ष दस छात्राओं को निःशुल्क विद्यालयी यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

इस प्रकार विभिन्न व्यक्तियों एवं शिक्षण संस्थानों द्वारा कुल 25 विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति की घोषणाएं की गईं। इसके अतिरिक्त आगामी सत्र के लिए आर्थिक सहायता एवं प्रतिवर्ष दस छात्राओं को निःशुल्क यूनिफॉर्म देने की घोषणाएं भी की गईं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में स्नेह और विश्वास का प्रतीक पर्व 'भाई दूज' पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी उठाई

नैनीताल की प्रमुख समाजसेवी श्रीमती कविता गंगोला ने इस अवसर पर अपने सामाजिक कार्यों एवं पूर्व में विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा एवं भविष्य के लिए सोसाइटी द्वारा की जा रही इस पहल की सराहना की।

वहीं नैनीताल के प्रमुख दंत चिकित्सक डॉ. अनिरुद्ध अभिनव गंगोला ने इन बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए घोषणा की कि इनकी विद्यालयी शिक्षा पूर्ण होने तक प्रत्येक वर्ष नियमित दंत परीक्षण तथा दाँतों से संबंधित सभी आवश्यक उपचार निःशुल्क किए जाएंगे।

शेरवुड कॉलेज एवं रामा मॉन्टेसरी स्कूल का विशेष सहयोग

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री अमनदीप संधू का विशेष योगदान रहा। उनके द्वारा कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया तथा बच्चों के लिए आवश्यक वस्तुएँ भी उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने सोसाइटी के फाउंडर मेंबर श्री वैभव जोशी (IIT BHU, वाराणसी) को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी संस्था को जब और जहाँ उनकी आवश्यकता होगी, वे हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।

इसी क्रम में रामा मॉन्टेसरी स्कूल की संस्थापक श्रीमती नीलू एलन्स द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई।

जिला प्रशासन एवं गणमान्य नागरिकों ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम में नैनीताल के प्रथम आईटी उद्यमी श्री विनय साह, नैनीताल समाचार के संपादक श्री राजीव लोचन साह, प्रमुख होटल व्यवसायी श्री आलोक साह सहित नगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सोसाइटी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी श्री विवेक राय ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से भी इस पुनीत कार्य में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

सभी वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा एवं उनके भविष्य की जिम्मेदारी केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की भी है। समाज के विभिन्न वर्गों की सामूहिक सहभागिता से ही बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में विशेष सहयोग

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीआरएसटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री मनोज पांडे का विशेष योगदान रहा। उनके द्वारा हिलट्रेक सोसाइटी को कार्यक्रम के आयोजन हेतु विद्यालय का सभागार निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। सोसाइटी ने उनके इस उदार सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी द्वारा राज्य में चलाया जा रहा अनूठा पौधारोपण अभियान आज 845वे दिन भी जारी रहा

कार्यक्रम का कुशल, प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित संचालन श्री हेमंत बिष्ट द्वारा किया गया। उनकी उत्कृष्ट एंकरिंग की उपस्थित सभी अतिथियों एवं वक्ताओं ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। हिलट्रेक सोसाइटी ने उनके बहुमूल्य योगदान के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की सफलता में पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार के वरिष्ठ अध्यापक श्री अजय रावत का भी विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त सोसाइटी के फाउंडर मेंबर श्री वैभव जोशी (IIT BHU, वाराणसी) के ताऊजी श्री नवीन जोशी एवं चाचा श्री विनोद जोशी तथा सोसाइटी की को-फाउंडर सुश्री अद्विका की माता श्रीमती मंजुलता कोहली का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में श्री विनय साह, श्री आलोक साह, श्री राजीव लोचन साह, श्री मारुति साह, श्रीमती परी साह, श्री अर्चित विगोय, श्रीमती नीलू एलन्स, श्रीमती कविता गंगोला, श्री वासु साह, श्री गिरीश संजय तिवारी, डॉ. अनिरुद्ध अभिनव गंगोला, श्री अश्वनी साह, सीआरएसटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री मनोज पांडे, सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य श्री बी.एस. मेहता, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं संबंधित बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

आलोक एवं सुनीता जोशी ने व्यक्त किया आभार

कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री आलोक जोशी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता जोशी, जो कि सोसाइटी के फाउंडर मेंबर श्री वैभव जोशी (IIT BHU, वाराणसी) के माता-पिता हैं, ने संयुक्त रूप से उपस्थित सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, व्यवसायियों, सहयोगकर्ताओं, अभिभावकों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा एकजुट होकर इन बालिकाओं की शिक्षा एवं भविष्य के लिए आगे आना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं से भविष्य में भी इसी प्रकार अपना स्नेह एवं सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया।

हिलट्रेक सोसाइटी का यह प्रयास केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य इन बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और समान अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। संस्था का मानना है कि किसी भी बच्ची के सपनों की उड़ान उसकी पारिवारिक परिस्थितियों की मोहताज नहीं होनी चाहिए। समाज के सामूहिक सहयोग से प्रत्येक बच्ची को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल सकता है।

हिलट्रेक सोसाइटी का संकल्प है—कोई भी बालिका केवल आर्थिक या पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा और अपने सपनों से वंचित न रहे।

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad