गोवर्धन धराधार गोकुल-त्राणकारक।विष्णुबाहुकृतोच्छ्राय गवां कोटिप्रदो भव ॥अर्थात हे गोवर्धन पर्वत , आप पृथ्वी को धारण

करने वाले और गोकुल के लोगों व गायों की रक्षा करने वाले हैं। आपने भगवान विष्णु की भुजा पर उठकर उनकी शोभा बढ़ाई है, आप हमें करोड़ों गायों (समृद्धि और धन) का सुख प्रदान करें।
गोवर्धन पूजा , अन्नकूट पर्व प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रमुख पावन पर्व है जिसे कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है ।
गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देती है जो मानव जीवन और समृद्धि प्रकृति , पहाड़ों, नदियों, वनों और पशुओं की पूजा पर आधारित है । भगवान श्री कृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया था, क्योंकि पर्वत, वन और नदियां ही जीवन का आधार हैं और गोवर्धन पर्वत को एक उंगली पर उठाकर श्रीकृष्ण ने यह संदेश दिया कि यदि हमारे पहाड़, जंगल और जलस्रोत सुरक्षित रहेंगे, तभी जीवन का संतुलन बना रहेगा तथा इस पर्व में गायों और बैलों की विशेष पूजा होती है, जो कृषि और ग्रामीण पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित करती हैं।
गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के संरक्षण की प्रेरणा है ।
यह पर्व बताता है कि पहाड़, जंगल, नदियां और वनस्पतियां हमारा जीवन हैं, जो हमें शुद्ध हवा, जल और भोजन देती हैं तथा गायों और बछड़ों की पूजा ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और पर्यावरण संतुलन को प्रदर्शित करती है
श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठिका से उठाकर यह सिखाया कि प्रकृति पर किसी का एकाधिकार नहीं है। हमें प्राकृतिक संसाधनों का दोहन नहीं, बल्कि उनका संरक्षण करना चाहिए।
इस पर्व पर नई फसल का भोग (अन्नकूट) लगाया जाता है, जो इस बात का प्रतीक है कि हमें धरती मां के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए।
आज के समय में जब जलवायु परिवर्तन ,वैश्विक तापक्रम वृद्धि और प्रदूषण बढ़ रहा है, तब गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की प्रकृति संरक्षण एवं सतत विकास की प्रेरणा देता है।
लक्ष्मीर्या लोकपालानां धेनुरूपेण संस्थिता।
घृतं वहति यज्ञार्थे मम पापं व्यपोहतु ॥ डॉ ललित तवारी













