नामित सभासद मनोज जोशी ने पालिका कर्मचारी पर कार्रवाई को लेकर पालिका अध्यक्ष व ईओ को भेजा ज्ञापन
नैनीताल। नगर पालिका परिषद के नामित सभासद मनोज जोशी ने अधिशासी अधिकारी और नगर पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन भेजकर पालिका कर्मचारी पर कार्रवाई के लिए कहा है। उन्होंने बताया है कि नगर पालिका में कार्यरत एक कर्मचारी पर पूर्व में टेंडर प्रकरण को लेकर सीबीआई जांच चल रही थी। जांच के तहत उत्तराखंड सरकार और कुमाऊं आयुक्त द्वारा पालिका को पत्राचार द्वारा उक्त कर्मचारी पर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन अभी तक कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी और अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल को ज्ञापन देकर कहा कि यदि गुरुवार तक उक्त कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वह गुरुवार के दिन होने वाली बोर्ड बैठक का बहिष्कार करेंगे और अगर तब भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वह इस प्रकरण को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए अपना इस्तीफा दे देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।











