मास्टर ट्रेनरों ने सतत विकास लक्ष्य की थीम पर दिया प्रशिक्षण

अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के न्याय पंचायत भनोली में पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत सतत विकास लक्ष्यों का स्थानीयकरण, ग्राम पंचायत विकास योजना विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों की ओर से ग्रामीणों को कई अहम जानकारियां दी गईं।
आदर्श इंटर कॉलेज भनोली में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वार्ड के सदस्यों एवं कार्मिकों को इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) किच्छा यूएस नगर के मास्टर ट्रेनरों ने जानकारियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण में मीरा परिहार एवं पूजा खडका मुख्य प्रशिक्षक रहीं। इस दौरान दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की मास्टर ट्रेनर मीरा परिहार ने ग्रामीणों को कई बारीकियां समझाई। इस बीच सतत विकास लक्ष्य की नौ थीम साझा की गईं। जिसमें गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका गांव, स्वस्थ्य गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे युक्त गांव, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन युक्त गांव एवं महिला हितैशी गांव मुद्दे शामिल रहे। ट्रेनरों की टीम ने न्याय पंचायत कलौटा के पंचायत घर में भी प्रशिक्षण प्रदान किया। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता जीवन चंद्र पालीवाल, मास्टर ट्रेनर अशोक सिंह खडका, सूरज पांडे, जगदीश चंद्र कांडपाल, योगेश चंद्र तिवारी समेत अन्य ग्रामीण शामिल हुए।











