स्वास्थ्य सचिव ने नगर के बीडी पांडे चिकित्सालय का निरीक्षण किया, तीन से चार माह में दूर होगी ,डॉक्टरों की कमी : स्वास्थ्य सचिव

नैनीताल। प्रदेश में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए सरकार तेजी से प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा कि अगले तीन से चार माह में डॉक्टरों की कमी को काफी हद तक दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में डॉक्टरों के 2909 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में करीब 2500 डॉक्टर कार्यरत हैं।स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि हाल में मेडिकल बोर्ड से राज्य को 252 नए डॉक्टर मिले हैं। इनमें चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं। इनमें से करीब 200 डॉक्टर कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। इससे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी अब घटकर करीब 400 से 450 रह गई है।उन्होंने बताया कि चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों की कमी दूर करने के लिए 422 डॉक्टरों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार बाहरी माध्यम से भी डॉक्टरों की नियुक्ति की जा रही है। 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होने वाले डॉक्टरों को भी पांच वर्ष तक चिकित्सकीय कार्य करने की अनुमति दी जा रही है।स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के तहत डॉक्टरों की कमी दूर करने की रणनीति तैयार की गई है। इसके परिणाम आने वाले तीन से चार माह में दिखाई देंगे। सरकार का प्रयास है कि अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों की स्थानीय स्तर पर निगरानी और समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और जिला स्तर पर गठित समितियों को अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान पहले जिला स्तर पर ही किया जाना प्राथमिकता है। भवाली सेनेटोरियम अस्पताल समेत पुराने अस्पतालों से जुड़े मामलों के संबंध में स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि इनकी स्थिति से न्यायालय को अवगत कराया जा चुका है। जल्द ही इन मामलों में प्रगति देखने को मिलेगी।












