30 घंटे से धधक रहा गेठिया-अलूखेत का जंगल, हीट वेव ने बढ़ाई चुनौतीवन विभाग, एसडीआरएफ व दमकल की टीमें लगातार जुटी; आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

नैनीताल। जिले में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के असर के बीच जंगलों में आग की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं। गेठिया-अलूखेत क्षेत्र के जंगल में लगी आग अब विकराल रूप ले चुकी है और बीते करीब 30 घंटों से लगातार धधक रही है। आग दो अलग-अलग स्थानों से शुरू होकर बड़े इलाके में फैल गई, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।रविवार सुबह गेठिया क्षेत्र में पायलेट बाबा आश्रम के पास और उससे करीब एक किलोमीटर आगे जंगल में आग लगी थी। शुरुआत में स्थानीय लोगों और वन विभाग ने मिलकर आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रही आग पर किसी तरह काबू पा लिया, लेकिन दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और सूखी वनस्पति के चलते जंगल के भीतर आग तेजी से फैलती चली गई।हीट वेव के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी और नमी की कमी ने आग को और भड़काने का काम किया है। तेज धूप और सूखी हवाओं के चलते आग बुझाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। क्षेत्र में लगातार धुएं का गुबार छाया हुआ है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।आग बुझाने के लिए वन विभाग की टीमों के साथ एसडीआरएफ और दमकल विभाग भी मौके पर तैनात हैं। करीब 30 से अधिक फायर वाचर और कर्मचारी व ग्रामीण लगातार फायर लाइन बनाकर आग को आगे फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।वहीं खुर्पाताल के समीपवर्ती जगुड़ा गांव के समीप रविवार देर शाम लगी आग आवासीय क्षेत्र तक पहुंच गई।जिसको ग्रामीणों ने बुझाया। जबकि सोमवार को एरीज के समीप लगी आग को वन विभाग की टीम ने रिआयसी क्षेत्र व हनुमानगढ़ मंदिर की ओर जाने से रोका। लगातार जंगलों में लग आग की घटना ने वन विभाग के नाख में दम कर दिया है।एसडीओ ममता चंद ने बताया कि आबादी क्षेत्र को फिलहाल सुरक्षित कर लिया गया है, लेकिन जंगल के भीतर लगी आग पर पूरी तरह काबू पाने में समय लग रहा है। टीम लगातार प्रयास कर रही है और हालात पर नजर रखी जा रही है। कहा कि इस बार समय से पहले पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के चलते जंगलों में आग का खतरा काफी बढ़ गया है।












