छात्राओं को दी महिला स्वास्थ्य व महिला कानूनों की जानकारी


नैनीताल l डीएसबी परिसर में माता जिया रानी महिला अध्ययन केंद्र और आंतरिक शिकायत समिति की ओर से महिला सशक्तिकरण एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों को महिला स्वास्थ्य व महिला कानूनों की जानकारी दी गई l
शुक्रवार को परिसर में आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में समाजसेविका आशा शर्मा रही, कार्यक्रम का संचालन डॉ. रुचि बिष्ट ने किया l परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा ने कार्यक्रम में सभी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया l कार्यक्रम में परिसर की सभी महिला प्राध्यापिका, महिला कर्मचारी और छात्राओं ने प्रतिभाग किया l मुख्य वक्ता आशा शर्मा ने कहा कि महिलाएं तभी सशक्त होंगी जब वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहेंगी। उन्होंने पोषण, माहवारी स्वच्छता, एनीमिया, मानसिक तनाव और नियमित जांच के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। आशा शर्मा ने कहा, “शिक्षित महिला ही परिवार और समाज को नई दिशा दे सकती है। अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें।”महिला अध्ययन केंद्र की संचालक डॉ. किरन तिवारी ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य छात्राओं को शैक्षणिक और व्यक्तिगत स्तर पर मजबूत बनाना है। उन्होंने छात्राओं को पोश एक्ट 2013 और आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका की भी जानकारी दी।आंतरिक शिकायत समिति की अध्यक्ष प्रो. चन्द्रकला रावत ने बताया कि परिसर को महिलाओं के लिए सुरक्षित और सहयोगी माहौल देने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। इस दौरान प्रो. ज्योति जोशी, डॉ. हिमांशु लोहनी, डॉ. भूमिका प्रसाद, डॉ. राशि मिगलानी, डॉ. दिव्या पांगती, डॉ. सरोज पालीवाल आदि मौजूद रहे l