टाकी बैंड के पास खाई में गिरे फॉरेस्ट गार्ड का सकुशल रेस्क्यू,

नैनीताल l मल्लीताल क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। टाकी बैंड के पास गश्त के दौरान फॉरेस्ट गार्ड गौरव डांगी अचानक फिसलकर गहरी खाई में गिर गए।
सुबह करीब 5:00 बजे डीसीआर से सूचना मिलते ही मल्लीताल थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुँचीं। खाई गहरी और दुर्गम होने के बावजूद तीनों विभागों ने संयुक्त अभियान चलाया। रस्सों और विशेष उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद गौरव डांगी को सकुशल बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान पता चला कि गिरने से उनके गर्दन में चोट आई है। मौके पर मौजूद टीम ने प्राथमिक उपचार देकर तुरंत 108 एंबुलेंस से उन्हें बीडी पांडे जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में है और खतरे से बाहर हैं। मल्लीताल थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और सभी एजेंसियों के बेहतर तालमेल से जवान की जान बचाई जा सकी। वन विभाग के अधिकारियों ने भी रेस्क्यू टीमों के साहस और तत्परता की सराहना की है।










