लेक सिटी वेलफेयर क्लब का भव्य आयोजन संस्कृतिक विभाग के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, कार्यक्रम में सहभागिता, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा की विशेष भूमिका रही
नैनीताल ।लेक सिटी वेलफ़ेयर क्लब द्वारा हरित पहल: “हरेला पखवाड़ा” कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है नगर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रमुख संगठन लेक सिटी वेलफ़ेयर क्लब द्वारा सोमवार को “हरेला पखवाड़ा” का उद्घाटन पारंपरिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन होटल पवेलियन में किया गया, जहाँ क्लब के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर क्लब की महिलाओं ने सात अनाजों का उपयोग करते हुए सूखी मिट्टी के साथ हरित पौधों की रोपण (बोया) क्रिया संपन्न की।
इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि पारंपरिक रीति-रिवाजों और प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान करते हुए समाज में हरियाली, जैव विविधता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि हरेला पखवाड़ा पर्यावरण के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी को दर्शाता है और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का प्रेरणास्त्रोत है।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ निवेदिता कुकरेती (पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र), डॉ. रश्मि पंत (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) एवं सरिता आर्या (विधायक) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि निवेदिता कुकरेती (आईजी, कुमाऊँ परिक्षेत्र) ने हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति की रक्षा करने और अपनी परंपराओं को जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. रश्मि पंत (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) ने कहा कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा संस्कृति के संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं और ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वहीं सरिता आर्या (विधायक) ने अपने संबोधन में कहा कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब पिछले 17 वर्षों से निरंतर हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति से परिचित कराते हुए समाज में सकारात्मक संदेश दे रहा है।
इसके पश्चात क्लब की महिलाओं द्वारा पारंपरिक झोड़ों की अत्यंत आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
“खोल दे माता खोल भवानी, धार में किवाड़ा” के साथ कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर गया, वहीं “दैणा होया खोली का गणेशा” का भव्य झोड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया गया।
कार्यक्रम संयोजक गीता साह ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हरेला कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रगति जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जुलाई को लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा हरेला पर्व के उपलक्ष्य में कुमाऊँनी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव प्रगति जैन, कार्यक्रम संयोजक गीता साह सहित
विनीता पांडे, दीपा पांडे, रानी साह, आभा साह, तुषी साह, रमा लोहनी, दीपिका बिनवाल, प्रेमा अधिकारी, कंचन जोशी, संगीता गुप्ता, तनु सिंह, रेखा पंत, अमिता साह, मंजू बिष्ट, पुष्पा कांडपाल, सरस्वती सिराला, जूही अग्रवाल, मानसी गर्ग, मधुमिता, निवेदिता मेहरोत्रा, वंदना जोशी, भावना साह, विमलेश गोस्वामी, जया वर्मा, लीला राज, सीमा नौटियाल, जीवंटी भट्ट, ज्योति धोंडियाल, सोनू साह, हेमा भट्ट, वर्षा आर्या, पल्लवी गहतौड़ी एवं रेखा जोशी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।










