ईमानदारी की मिसाल: शनि मंदिर के व्यवस्थापक ने लौटाया पर्यटक का खोया बैग

नैनीताल। पर्यटन नगरी में ईमानदारी की एक मिसाल सामने आई है। रविवार रात शनि मंदिर के समीप स्थित ग्लास हाउस में एक पर्यटक का बैग छूट गया, जिसे मंदिर के व्यवस्थापक ने सुरक्षित रखते हुए सही मालिक को लौटा दिया।जानकारी के अनुसार, रात के समय शनि मंदिर के व्यवस्थापक हेम जोशी को ग्लास हाउस के पास एक बैग संदिग्ध अवस्था में रखा मिला। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद बैग की जांच करने पर उसमें जरूरी दस्तावेज, सामान और नकदी मौजूद मिली। हेम जोशी ने बैग को सुरक्षित अपने पास रख लिया।कुछ देर बाद एक युवक वहां पहुंचा, जो काफी परेशान दिखाई दे रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसका बैग कहीं गुम हो गया है। पहचान और पुष्टि के बाद हेम जोशी ने बैग को उसके असली मालिक, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी सक्षम प्रताप सिंह को सौंप दिया।अपना बैग सुरक्षित वापस पाकर पर्यटक ने राहत की सांस ली और व्यवस्थापक का आभार जताते हुए खुशी-खुशी अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।स्थानीय लोगों ने भी हेम जोशी की ईमानदारी और जिम्मेदारी की सराहना की है। यह घटना समाज में मानवता और भरोसे की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करती है।