नियमितीकरण हेतु संशोधित कटऑफ डेट के साथ नियमावली प्रख्यापित करने की मांग

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की दो साल पूर्व की घोषणा के अनुरूप राज्य मैं विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा, दैनिक, नियत वेतन कर्मियों को नियमित करने हेतु नई कटऑफ डेट के साथ नियमावली का आदेश प्रख्यापित करने की मांग जोर पकड़ रही है. इसी मांग के बीच कुमाऊँ विश्वविद्यालय मैं कार्यरत संविदा, दैनिक, नियत वेतन कर्मियों ने भी शासनादेश जल्द से जल्द जारी करने की मांग की है. इस हेतु जल्द ही एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करने जाएगा.
इस एक सूत्रीय मांग पर केंद्रित होकर उक्त कार्मिकों ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के भीमताल स्थित सर जे.सी. बोस तकनीकी परिसर, भीमताल मैं बैठक का आयोजन किया इसमें समस्त संविदा, दैनिक वेतनभोगी, नियत वेतन, नियत वेतनमान, अंशकालिक एवं तदर्थ कर्मचारियों के नियमितीकरण की लंबित मांग को लेकर उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ लक्ष्मण सिंह रौतेला से वांछनीय सहयोग हेतु ज्ञापन दिया गया.
इस हेतु जानकारी देते हुए वरिष्ठ कर्मचारी मुकेश डालाकोटी ने बताया कि राज्य के विभिन्न विभागों मैं कार्यरत सभी संविदा, दैनिक वेतनभोगी, नियत वेतन, नियत वेतनमान, अंशकालिक एवं तदर्थ कर्मचारी संगठित हो रहे हैं और जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करके राज्य मैं कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतन संबंधी समस्याओं एवं अन्य सेवा संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाएगा. उन्होंने विशेष रूप से दिसम्बर 2025 में किए गए कट ऑफ डेट के निर्धारण तथा उसके कारण प्रभावित होने वाले कर्मचारियों के हितों के संबंध में ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए उनके हित में उचित कार्यवाही की जाए तथा लंबित मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के सहयोग से उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा तथा वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को न्याय मिलेगा। बैठक मैं आनंद रखोला, कृष्णा पालीवाल, रमेश तिवारी, अनीता खोलया, अदिति, दीपक बिष्ट, कृष्णा शर्मा, सुनील पलड़िया, पुष्कर ढैला, पुष्पा बिष्ट, महेंद्र बिष्ट, त्रिभुवन, नरेंद्र नेगी, ललित उपाध्याय सहित कर्मचारी शामिल हुए.












