नैनीताल में गैस बुकिंग के बाद नहीं आ रहे डीएसी नंबर, उपभोक्ता परेशान

नैनीताल l आयारपाटा क्षेत्र के सभासद मनोज साह जगाती ने बुधवार को पर्वत गैस एजेंसी के महाप्रबंधक को उपभोक्ताओं के डीएसी नंबर न आने की समस्या को लेकर दिया पत्र l पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में गैस बुकिंग कराने वाले सैकड़ों उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर न मिलने से सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से नौ अप्रैल 2026 के बीच गैस बुक कराने वाले अधिकांश उपभोक्ताओं के डीएसी नंबर नहीं आए हैं। वहीं नौ अप्रैल के बाद बुकिंग करने वालों को डीएसी नंबर मिल गए और उन्हें सिलेंडर भी मिल रहे हैं। यह दिक्कत मुख्य रूप से उन उपभोक्ताओं के साथ आ रही है जिन्होंने इंडियन ऑयल ऐप से बुकिंग की थी। डीएसी नंबर न आने से वे गैस लेने से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर एक जनप्रतिनिधि ने पर्वत गैस सर्विस के प्रबंधक को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा। समाधान न होने पर आत्मदाह जैसे कठोर कदम से भी पीछे न हटने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या अनदेखी की जा रही है, जिससे सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने जिला प्रशासन व तेल कंपनी से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।












