बीच सड़क दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे
नैनीताल। शहर के मल्लीताल कोतवाली के समीप बीच सड़क दो पक्षों का आपसी विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के युवक लाठी-डंडे लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामला शांत किया। फिलहाल दोनों पक्षों को कोतवाली ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर मल्लीताल निवासी एक टैक्सी चालक का पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक से विवाद हो गया था। दोपहर में दोनों के स्वजनों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कर दिया। मगर देर शाम टैक्सी चालक को पड़ोसी युवक मस्जिद के समीप फिर मिल गया। टैक्सी चालक के शराब के नशे में होने के कारण दोनों में फिर से बहस हो गई। इसी बीच टैक्सी चालक ने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में क्रिकेट बैट और लाठी-डंडे चलने लगे। बीच सड़क हंगामा होता देख राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह मामला शांत किया और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आए। कोतवाल प्रीतम सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जिनके विरुद्ध शांतिभंग में कार्रवाई की जाएगी।











