1 से 7 जून तक धूमधाम से होगा बेतालेश्वर महोत्सव, संगीत और जनसहभागिता का बनेगा बड़ा मंच

नैनीताल। कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से बेतालघाट क्षेत्र में 1 से 7 जून तक भव्य “बेतालेश्वर महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर नैनीताल में आयोजक समिति की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजक समिति के संस्थापक सदस्य राहुल अरोड़ा ने बताया कि इस बार महोत्सव को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत और पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित करने का भी प्रयास होगा।
महोत्सव में उत्तराखंड के कई प्रसिद्ध लोकगायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें दर्शन फर्स्वाण, इंदर आर्य, हेमा नेगी करासी, फौजी ललित मोहन जोशी, सुरेश राजन, माया उपाध्याय, मीना राणा, रमेश बाबू गोस्वामी और राधा देवी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
राहुल अरोड़ा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जाने की संभावना है। इसके लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रण भेजा गया है और उनके कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व विधायक संजీవ आर्य, दिनेश आर्य समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मिमांसा आर्या के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई गई है। कहा कि बेतालघाट जैसे दूरस्थ क्षेत्र में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही युवाओं को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आयोजकों के अनुसार पूरे सप्ताह क्षेत्र में लोकगीत-संगीत, झोड़ा-चांचरी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन होगा। वहीं राधा-कृष्ण की फूलों की होली और शिव तांडव महोत्सव के मुख्य आकर्षण रहेंगे।
फोटो









