मल्लीताल कोतवाली और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने रविवार को सायं एक युवक की जान बचाई

नैनीताल । मल्लीताल कोतवाली और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने रविवार को सायं एक युवक की जान बचाई। डीएसबी परिसर के पास गहरी खाई में गिरे एक युवक को टीम ने बाहर निकाला ।
पुलिस कंट्रोल को सूचना मिली कि डीएसबी परिसर के समीप एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही दिनेश चंद्र जोशी प्रभारी कोतवाली मल्लीताल के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सी और अन्य उपकरणों के सहारे खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मामले की जांच करने पर पाया कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिस कारण संतुलन बिगड़ने से वह हादसे का शिकार हो गया। रेस्क्यू किए गए युवक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त हेरमन ठिठियो (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र अंतोनिस ठिठियो, निवासी: डुम्बरपाठ, गुरदरी, गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। युवक कुछ वर्षों से तल्लीताल क्षेत्र से लोकभवन तिराहे पर स्थित चर्च में काम करता था।
खाई से सुरक्षित निकालने के बाद युवक को पुलिस वाहन द्वारा तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक अब पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस द्वारा युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।










