बरखा पांडे और श्रेया धामी होंगे भारत के सबसे कम उम्र के रेडियो जॉकी

नैनीताल l स्कॉलर्स एकेडमी पिथौरागढ़ में पढ़ने वाले बरखा पांडे और श्रेया धामी भारत के सबसे कम उम्र के रेडियो जॉकी होंगे, 7 साल की श्रेया और 8 साल की बरखा घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी द्वारा चलाए जा रहे पिथौरागढ़ के पहले पॉडकास्ट और इंटरनेट रेडियो चैनल ” बोले तो पहाड़ी ” में रेडियो और विडियो जॉकी की भूमिका में नजर आएंगे। मंडे मोटिवेशन कार्यक्रम में बरखा जहां साक्षात्कार और कहानियों के माध्यम से लोगों में उत्साह भरने का काम करेंगी वहीं श्रेया बाल कथाएं कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की कहानियां पड़ेंगी। बोले तो पहाड़ी का संचालन कर रहे अजय ओली ने बताया की भारत में 20 वर्षीय समानिया भट्ट अब तक की सबसे कम उम्र की रेडियो जॉकी हैं और इसके बाद पिथौरागढ़ की 8 वर्षीय बरखा और 7 वर्षीय श्रेया यह आयाम स्थापित करेंगे जो की पिथौरागढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया की इन बच्चों की आवाज में जादू है और इनका कॉन्फिडेंस लेवल बहुत अच्छा है जो की रेडियो जॉकी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा की अगस्त 1 तारिक से पिथौरागढ़ में हर दिन पॉडकास्ट चैनल के माध्यम से शो चलाए जाएंगे। स्कॉलर्स एकेडमी की प्रधानाचार्या दीप्ति भट्ट ने बताया की यह विद्यालय और पूरे पिथौरागढ़ के लिए गर्व का विषय है और जल्द ही विद्यालय द्वारा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड एवम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी इसे दर्ज कराया जाएगा । उन्होंने कहा की बचपन से ही बोलने का शौक रखने वाली श्रेया की आवाज में मासूमियत और सच्चाई है , जिसे सुनने का मन बार बार करता है। विद्यालय प्रारंभ होने पर ही इनकी प्रतिभा का अंदाजा हमें था तो हमने इसे निखारने का कार्य आरंभ किया और फिर इन्हें बोलने के लिए तैयार किया गया जिसमें विद्यालय की अध्यापिका और जानी मानी कवियत्री बिना पाटनी भी बच्चों पर काम कर रही हैं और इस मेहनत के चलते इन्होंने वो कर दिखाया जो अपने आप में प्रशंसा के योग्य है।
इसके साथ ही विद्यालय के तन्मय अन्ना और गौरांश भी इन कार्यक्रमों में रेडियो जॉकी के तौर पर अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय स्टाफ भी इसमें अहम भूमिका निभा रहा है।









