सरोवर नगरी में संविधान दिवस पर बाबा साहेब को किया याद

नैनीताल। संविधान दिवस पर सरोवर नगरी नैनीताल में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक याद किया गया और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया गया।
इस दौरान बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया और भारतीय संविधान की रक्षा तथा उसके मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन दलित नेता केएल आर्या के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
केएल आर्या ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को एकसूत्र में बांधने और सामाजिक समरसता स्थापित करने की दिशा में अद्वितीय कार्य किया। उन्होंने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना और उसमें निहित अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विकी राठौर, संतोष आर्या, विजय कुमार, अशोक कुमार, मोहन आर्या समेत अन्य लोग मौजूद रहे।












