उत्तराखंड सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अपने न्यूनतम मानदेय व रिटायरमेंट बेनिफिट के लिए गुहार लगाई है

नैनीताल । उत्तराखंड राज्य की आशा कार्यकर्ताओं ने लगातार धरना-प्रदर्शन, रैली और ज्ञापन के माध्यम से उत्तराखंड सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अपने न्यूनतम मानदेय व रिटायरमेंट बेनिफिट के लिए गुहार लगाई है।
वर्तमान में आशा कर्मियों के संगठनों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व भोजन माताओं के संगठनों ने भी अपनी ज्वलंत मांगों और रिटायरमेंट बेनिफिट के लिए लगातार धरना-प्रदर्शन कर देहरादून सचिवालय कूच किया।
सरकार ने दिसंबर तक आशा कर्मियों, आंगनबाड़ी व भोजन माताओं के लिए मानदेय बढ़ोतरी पर सहमति जताई है।
आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन (ऐक्टू) की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने कहा कि सरकार ने दिसंबर तक मानदेय बढ़ोतरी पर सहमति जताई है, इसके लिए हम सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।
कमला कुंजवाल ने बताया कि हरियाणा व बंगाल की तर्ज पर उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं को भी रिटायरमेंट बेनिफिट लागू किया जाए। हरियाणा, बंगाल और उत्तराखंड सब एक ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आते हैं। अगर हरियाणा व बंगाल की आशा कार्यकर्ताओं को रिटायरमेंट बेनिफिट लागू हुआ है, तो हमें भी उसी तर्ज पर एकमुश्त रिटायरमेंट बेनिफिट दिया जाए और हमारा मानदेय 11500 रुपया निश्चित किया जाए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल, जिला अध्यक्ष ममता पानू, जिला सचिव रीता कश्यप, उप सचिव अनीता अन्ना, पूर्व जिला सचिव कुलविंदर कौर, जिला उपाध्यक्ष बबीता कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष उमा मेहरा, रीकी जोशी आदि महिलाओं ने मीडिया प्रभारी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कमला कुंजवाल ने कहा कि सहमति जताने के बावजूद भी अगर हमारी मांगों का निराकरण जल्द से जल्द दिसंबर तक नहीं होता है, तो हम बहिष्कार के लिए बाध्य हो सकते हैं।
आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन प्रदेश संगठन ने प्रताप सिंह नेगी, अध्यक्ष – रीठागाड़ी दगड़ियों संघर्ष समिति का भी आभार व्यक्त किया। नेगी जी ने लगातार हमारे संगठन को सहयोग व समर्थन दिया












