भारी बारिश के बीच टिफिन टॉप पर टीम क्लीन नैनीताल ने चलाया सफाई अभियान, 150 किलो कचरा किया एकत्र

नैनीताल: शहर के प्राकृतिक सौंदर्य को सहेजने के लिए टीम क्लीन नैनीताल ने रविवार को टिफिन टॉप क्षेत्र में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। लगातार हो रही भारी बारिश और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद टीम के स्वयंसेवकों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने इस दुर्गम वन क्षेत्र से 150 किलोग्राम से अधिक कचरा सफलतापूर्वक इकट्ठा किया।
प्रशांत तिवारी ने बताया कि इस प्राकृतिक वन क्षेत्र से निकाले गए कचरे में मुख्य रूप से जूते-चप्पल , पुराने कपड़े, प्लास्टिक की बोतलें, शराब की बोतलें और अन्य हानिकारक अपशिष्ट शामिल थे। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि नेचर ट्रेल में नियमित दूरी पर कूड़ेदान होने के बावजूद पूरे जंगल जगह-जगह में कचरा फैला हुआ मिला। उन्होंने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों से अपील की है कि वे ऐसे एकांत और प्राकृतिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि टीम जल्द ही नैनीताल की कूड़ा समस्या के समाधान के लिए विभिन्न संस्थानों और निकायों के साथ मिलकर शहर भर में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी।
इस अभियान को सफल बनाने में आशु निगम, निहारिका चौबे, यश गर्ग, मोहित पांडे, कोविद भट्ट, दिवा शाह, कावेरी मजूमदार, प्रशांत, दीपक और श्रीकांत ने उपस्थित रहकर अपना बहुमूल्य श्रमदान दिया।












