सरोवर नगरी में उमड़ी सैलानियों की भीड़, जाम से नहीं मिली राहत

नैनीताल । रविवार को भी सैलानियों ने नैनीताल का रुख किया है l जिससे रविवार को पूरा शहर पर्यटकों से गुलजार नजर आया लेकिन नगर को जाम से राहत न मिल सकी । नगर में पर्यटक वाहनों से लगने वाले जाम नगर को राहत नहीं मिल पा रही है । नगर की सभी पार्किंग वाहनों से पूरी तरीके से पैक है । सुबह से ही मुख्य पर्यटन स्थलों हिमालय दर्शन, जू, मालरोड, पंगोट, केव गार्डन और वाटर फॉल पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी रही। नैनीताल जू में 1800 से अधिक पर्यटक पहुंचे, जबकि वाटर फॉल में 1100 और केव गार्डन में 2000 से ज्यादा सैलानियों ने दस्तक दी। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानियों का पहाड़ों की ओर रुख बढ़ा है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से मालरोड, बारापत्थर और भवाली रोड पर वाहनों का दबाव भी दिखा। मालरोड और नैनी झील के किनारे शाम होते-होते चहलकदमी चरम पर पहुंच गई। झील में नौकायन का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्नो व्यू, टिफिन टॉप और नैना देवी मंदिर जैसे स्थल भी दिनभर सैलानियों से भरे रहे। पर्यटकों की आमद से होटल कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते शुक्रवार से ही शहर के 70 फीसदी से अधिक होटल और होमस्टे पैक हैं। नाव चालक समिति के अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट ने कि बताया कि वीकेंड पर नौकायन के लिए सुबह से ही भीड़ रही। बीते शुक्रवार से ही पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है l सीजन में सामान्य दिनों में जहां एक नाव के 20-25 चक्कर लगते हैं, वहीं वीकेंड में 30 से 35 चक्कर लग रहे हैं l












